सड़क हादसे में मृत रमेश यादव के परिजनों से मिले सांसद पप्पू यादव, दी आर्थिक सहायता और बेटियों की शादी में मदद का भरोसा

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के देवीपट्टी गाँव में बीते बुधवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रमेश यादव की मौत हो गई थी। रमेश यादव की मौत उस समय हुई जब NH-106 पर कमलपुर मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि रमेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आज पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव देवीपट्टी गाँव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया और तत्काल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके साथ ही सांसद ने मृतक की दो बेटियों की शादी में 50-50 हजार रुपये की सहायता देने का भी आश्वासन दिया।

“मेरी संपत्ति गरीबों की सेवा के लिए है। कोई भी आपदा या दुर्घटना हो, मैं पीड़ितों की मदद करता रहूंगा,” सांसद पप्पू यादव ने कहा। उन्होंने आगे कहा कि “आज जिस तरह से सड़कों पर दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, वह बेहद चिंताजनक है। इसके पीछे विभागीय उदासीनता और प्रशासन की लापरवाही जिम्मेदार है। सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।”

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि वे हमेशा पीड़ितों के साथ खड़े रहेंगे, और गरीबों की सेवा को ही अपना धर्म मानते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें गरीबों में ही भगवान की छवि नजर आती है।

इस मौके पर कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष जगदीश विश्वास, सुर्यनारायण यादव, संजय झा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और ग्रामीण भी मौजूद रहे। गांव में सांसद की उपस्थिति से लोगों में उम्मीद और भरोसा का माहौल देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]