सिमराही में भक्ति का अद्भुत संगम : नौ दिवसीय श्रीराम कथा सत्संग का हुआ शुभारंभ, कलश यात्रा में सैकड़ो श्रद्धालुओं ने लिया भाग

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही वार्ड संख्या 8 में सोमवार को एफसीआई गोदाम के बगल स्थित कथा स्थल से नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से परिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।

कलश यात्रा का शुभारंभ राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी सिमराही से हुआ, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर शोभायात्रा में शामिल हुए। कलश यात्रा NH-27, जेपी चौक, NH-106, एफसीआई रोड होते हुए कथा स्थल तक पहुंची। पूरे मार्ग में “जय श्रीराम” और “सीता राम” के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया।

कथा समिति के सदस्य सचिन पंसारी ने जानकारी दी कि श्रीराम कथा का शुभारंभ 10 नवंबर से होगा, जो 18 नवंबर तक चलेगी। इस दौरान पूज्य संत शिरोमणि श्री मुरलीधर जी महाराज के मुखारविंद से दिव्य कथा श्रवण का सौभाग्य भक्तों को प्राप्त होगा।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक दिन दोपहर 2 बजे से संध्या 6 बजे तक कथा व प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। कथा के दौरान भक्तों के लिए धार्मिक प्रवचन, भजन-संध्या और सत्संग का विशेष कार्यक्रम रहेगा। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। खासकर जर्मन पंडाल आकर्षण का केंद्र है।

कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। इस दौरान पूरा नगर भक्तिरस में सराबोर हो उठा।

मौके पर गोविंद पंसारी, नीरज पंसारी, सोनू पंसारी, गोपाल पंसारी, प्रणव जायसवाल, हर्ष पंसारी, मनीष भगत, विनीता देवी, संत अमरजीत, रिंकू भगत, घनश्याम गुप्ता, घनश्याम पांडे, राजीव चौधरी, प्रमोद साह, चंदू दास, अकरम राजा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]