सीएमआर आपूर्ति में लापरवाही पर डीएम का अल्टीमेटम, 31 जुलाई तक सौ फीसदी आपूर्ति नहीं तो एफआईआर

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में खरीफ विपणन मौसम 2024-25 को लेकर सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) आपूर्ति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य खाद्य निगम को पैक्स एवं व्यापार मंडल के माध्यम से की जा रही आपूर्ति की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो भी पैक्स या व्यापार मंडल सीएमआर आपूर्ति में शिथिलता बरत रहे हैं, वे 31 जुलाई 2025 तक हर हाल में शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करें। इसमें विफल रहने पर संबंधित पैक्स के अध्यक्ष, प्रबंधक एवं प्रबंधकारिणी समिति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने और सहकारिता प्रसार पदाधिकारी पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

इन पैक्सों को मिली चेतावनी

लालगंज, करजाईन, माधोपुर, विशनपुर दौलत, निर्मली, झिल्ला डुमरी, ललमिनिया, हड़री, छिटही हनुमाननगर सहित कई पैक्सों को चेतावनी दी गई है कि वे तत्काल वांछित प्रगति सुनिश्चित करें।

मिलरों को भी निर्देश

डीएम ने बैठक में मौजूद सभी मिलरों को निर्देश दिया कि वे अपनी पूर्ण मीलिंग क्षमता का उपयोग करते हुए सीएमआर की अग्रिम आपूर्ति 31 जुलाई तक सुनिश्चित करें। साथ ही समितियों को समानुपातिक मात्रा में धान तुरंत संबद्ध मिलर को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

दो मिलों पर कड़ी नजर

सत्य सुंदर राइस मिल (छातापुर) और साक्षी प्रिया राइस मिल (राघोपुर) को सीएमआर आपूर्ति में लापरवाही के लिए चेतावनी देते हुए कहा गया कि अगली समीक्षा में वांछित प्रगति नहीं दिखी तो उन्हें काली सूची में डाला जाएगा।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी संतोष कुमार, राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक रवि रंजन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव कुमार, जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक दीपक कुमार सहित सभी प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, संबंधित पैक्स अध्यक्ष एवं मिलर मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]