सीवान में गरजे योगी आदित्यनाथ: “नाम भी देखो न, जैसा नाम वैसा काम…!” — अपराध, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार पर विपक्ष को घेरा, कहा- डबल इंजन की सरकार ने दिलाई सम्मान की पहचान

News Desk Siwan:

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीवान के रघुनाथपुर में एनडीए के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष, विशेषकर राजद (RJD) पर तीखा प्रहार किया और अपने भाषण में धर्म, विकास और सुशासन — तीनों मुद्दों को एक साथ साधने की कोशिश की।

योगी आदित्यनाथ ने शहाबुद्दीन के गढ़ माने जाने वाले इस इलाके में बिना नाम लिए राजद प्रत्याशी पर हमला बोलते हुए कहा नाम भी देखो न, जैसा नाम वैसा काम…! आरजेडी ने रघुनाथपुर से जिस प्रत्याशी को मैदान में उतारा है, वह अपनी खानदानी आपराधिक पृष्ठभूमि के लिए पूरे देश-दुनिया में बदनाम है। उनके इस बयान पर सभा स्थल पर मौजूद भीड़ ने जोरदार “जय श्रीराम” के नारों से समर्थन जताया।

धर्म और विकास दोनों को साधा

अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजद ने राम मंदिर आंदोलन को रोकने का ‘पाप’ किया था। उन्होंने समाजवादी पार्टी और राजद पर धार्मिक भावनाओं से खेलने का आरोप लगाते हुए कहा समाजवादी पार्टी ने यूपी में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं, और बिहार में आरजेडी ने राम मंदिर के रथ को रोकने का काम किया था। योगी ने कहा कि विपक्ष की राजनीति केवल अपराध, तुष्टिकरण और वोट बैंक तक सीमित रही है। जब भी इन्हें मौका मिला, इन्होंने नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया। लेकिन आज डबल इंजन की सरकार ने बिहार और यूपी दोनों जगह सम्मान की पहचान वापस दिलाई है।

विकास कार्यों का दिया ब्यौरा

सीएम योगी ने कहा कि आज बिहार विकास की नई रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि हमने 6,100 करोड़ रुपये की लागत से अयोध्या धाम को सीतामढ़ी से जोड़ने वाले राम-जानकी मार्ग के निर्माण को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बिहार में अब एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और गरीब कल्याण योजनाओं की बाढ़ आ चुकी है। योगी ने नीतीश कुमार के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा एनडीए सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है — जो बच जाता है, यूपी का बुलडोजर उसे पूरा कर देता है।

अपराध और भ्रष्टाचार पर सख्त रुख

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस का संदेश अब पूरे बिहार में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि आरजेडी और समाजवादी पार्टी, दोनों ही राज्यों में अराजकता और भ्रष्टाचार की राजनीति करती रही हैं। लेकिन अब बिहार और यूपी दोनों विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं।

युवाओं और जनता से की अपील

युवाओं को संबोधित करते हुए योगी बोले पहचान की लड़ाई अब खत्म हो चुकी है। हर बिहारी आज अपने गौरव और स्वाभिमान के साथ देश-दुनिया में जाता है। सभा के दौरान हजारों की भीड़ उमड़ी, लोगों ने योगी के भाषण के दौरान लगातार “जय श्रीराम” और “भारत माता की जय” के नारे लगाए। मंच से उन्होंने जनता से अपील की नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार को फिर से बहुमत दिलाएं, ताकि बिहार में विकास की गंगा बहे और अपराध पर बुलडोजर चलता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]