सुपौल: एनएच-27 पर ट्रक की चपेट में आने से दो युवकों की घटनास्थल पर हुई मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के प्रतापगंज थानाक्षेत्र के एनएच-27 पर बेलही पुल के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने करीब तीन घंटे तक सड़क जाम कर दिया। दरअसल, यह घटना उस वक्त घटित हुई जब बेलही गांव निवासी नरेश यादव के 20 वर्षीय पुत्र अमित कुमार अपने मौसेरे भाई लक्ष्मीनियां पंचायत के वार्ड नं 11 निवासी 19 वर्षीय राहुल कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बांस चौक से ठंढा पीने जा रहे थे। लेकिन बांस चौक जाने के दौरान जैसे ही उनकी बाइक एनएच पर चढ़ी, वह एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक ने बाइक को लगभग डेढ़ सौ मीटर तक घसीटते हुए ले जाया, जिसके बाद ट्रक चालक और खलासी ट्रक को मौके पर ही छोड़कर भाग निकले।

वहीं घटना के तुरंत बाद, स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को देखकर स्तब्ध रह गए। लोगों ने तुरंत अमित के स्वजनों को सूचना दी, जो पास ही रहते थे, और वे दौड़कर मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस की गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, स्थिति की गंभीरता देखकर 112 नंबर की गाड़ी वहां से चली गई, जिसके कारण घायल राहुल को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि यदि पुलिस की गाड़ी मदद करती, तो राहुल की जान बचाई जा सकती थी।

इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-27 को लगभग तीन घंटे तक जाम कर दिया। उनका कहना था कि जब तक 112 नंबर की गाड़ी में तैनात कर्मियों पर कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक वे सड़क से जाम नहीं हटाएंगे।

घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व प्रमुख भूप नारायण यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे, जो मृतकों के रिश्तेदार थे। उन्होंने थानाध्यक्ष और एसपी सुपौल को घटना की सूचना दी। काफी प्रयासों के बाद मौके पर पहुंचे बीडीओ, सीओ ने आक्रोशित लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया, तब जाकर जाम हटाया गया और यातायात बहाल हो सका। जिसके बाद दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]