सुपौल: एनएच-27 पर भीषण सड़क हादसा: टेम्पू चालक की मौके पर मौत, छह लोग गंभीर रूप से घायल, रेफर

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलौनी उत्तर पंचायत के बांस चौक के समीप एनएच-27 पर बुधवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में टेम्पू चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उस पर सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बता दे कि प्रतापगंज स्टैंड से सवारी लेकर सिमराही जा रहा टेम्पू (संख्या BR 50 P 8817) जैसे ही बांस चौक के पास पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार से आ रही एक चार चक्का पिकअप ने टेम्पू में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पू सड़क पर पलट गया और सवार सभी यात्री सड़क पर इधर-उधर जा गिरे। हादसे के बाद चार चक्का पिकअप मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को ठोकर मारने वाले वाहन की नंबर प्लेट (HR 06 AW 3320) घटनास्थल पर मिली। ठोकर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को आनन-फानन में रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया।

मृतक चालक की पहचान भवानीपुर उत्तर पंचायत वार्ड संख्या 7 निवासी लखीचंद्र चौधरी के पुत्र राजकुमार चौधरी (48 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायल यात्रियों में कुसहा निवासी जनार्दन सादा (55 वर्ष), मधुबनी जिले के महादेवमठ निवासी कुशेश्वर साह (60 वर्ष), सुरजापुर पंचायत के परसाबिरबल गांव निवासी रेखा देवी (45 वर्ष), कविता कुमारी (18 वर्ष) और सीकेन कुमार (10 वर्ष) शामिल हैं। सभी का प्राथमिक उपचार रेफरल अस्पताल राघोपुर में किया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-27 को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर राजेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

इधर, ग्रामीणों ने 112 की टीम और एम्बुलेंस सेवा पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि घटना की सूचना समय पर देने के बावजूद एम्बुलेंस देर से पहुंची, यदि समय पर पहुंच जाती तो चालक राजकुमार की जान बच सकती थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों ने राघोपुर, करजाइन, ललितग्राम और बलुआ थानों की पुलिस टीम को भी मौके पर भेजा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मदद से जाम हटाने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी कंचन देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक दो बेटों और एक बेटी के पिता थे तथा परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे।

मामले में प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्यवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]