सुपौल: कटैया पावर हाउस में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, चार दमकल की गाड़ियों की मदद से पाया गया काबू

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के वीरपुर स्थित कटैया पावर हाउस स्थित पावर ग्रिड में गुरुवार की शाम करीब 4 बजे भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट और भीषण गर्मी के कारण लगी, जो देखते ही देखते विकराल रूप ले ली। आग इतनी भयावह थी कि सात किलोमीटर दूर वीरपुर तक धुएं का गुबार साफ देखा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रांसफार्मर में अचानक विस्फोट जैसी आवाज़ के बाद धुआं और आग की ऊँची लपटें निकलने लगीं। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पावर हाउस के कर्मी मौके पर पहुंचे और तुरंत वीरपुर अग्निशामक विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की दो छोटी गाड़ियां घटनास्थल पर पहुँचीं।

हालांकि ट्रांसफार्मर में लगे तेल में आग लग जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गई थी। पावर हाउस के कर्मी और दमकलकर्मियों ने लगातार मशक्कत जारी रखी, लेकिन आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। बाद में दो और दमकल की बड़ी गाड़ियों को बुलाया गया और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही भीमनगर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। आग के कारण पावर सप्लाई बाधित हो गई, जिससे वीरपुर, भीमनगर और आसपास के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

प्रशासन ने जताई राहत की सांस


अधिकारियों के अनुसार, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता से न केवल सूचना दी बल्कि प्रारंभिक बचाव प्रयासों में भी सक्रिय भागीदारी निभाई। उनकी सजगता से स्थिति और अधिक नहीं बिगड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]