सुपौल: किराना दुकान में उत्पाद विभाग का छापा, दस पेटी शराब बरामद

न्यूज डेस्क सुपौल:

कंट्रोल रूम से की गई शिकायत के आलोक में उत्पाद विभाग की टीम ने नगर परिषद कार्यालय के सामने समाहरणालय वाली सड़क में स्थित नटराज किराना स्टोर में गुरुवार की शाम छापामारी की जिसमें 10 पेटी शराब बरामद की गई। किराना दुकान वाले घर में भी टीम ने छापामारी की। हालांकि टीम का नेतृत्व कर रहे उत्पाद अधीक्षक ने किसकी दुकान है इससे अनभिज्ञता जताई और बताया कि उन्हें सिर्फ दुकान के नाम की सूचना आई थी। किराना दुकान पर दिए बोर्ड पर प्रोपराइटर मनाेज मिलाप उर्फ टुनटुन भगत लिखा है।

उत्पाद अधीक्षक लाला अजय कुमार सुमन ने बताया कि कंट्रोल रूम से आई सूचना पर उत्पाद विभाग की टीम ने नटराज किराना स्टोर में छापामारी कर 10 पेटी के करीब शराब बरामद की है, अभी पूरी गिनती नहीं की जा सकी है। दुकान के पास बने के एक छज्जे पर से विदेशी शराब बरामद की गई। जैसे ही ये जानकारी इलाके में फैली देखने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। उसी समय एक अजीबोगरीब मामला दिखा जब उत्पाद विभाग रेड कर ही रही थी कि एक व्यक्ति वहां पहुंच कर पकङे गये शराब की जिम्मेवारी लेने लगा। उत्पाद अधीक्षक ने पूछताछ के बाद उसे हिरासत में ले लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]