सुपौल: गोसपुर में युवा भारती क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में टी-20 टूर्नामेंट का भव्य आगाज

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत परमानंदपुर पंचायत के गोसपुर गांव स्थित उत्क्रमित रमानाथ उच्च विद्यालय के प्रांगण में रविवार को युवा भारती क्रिकेट क्लब (YBCC) द्वारा आयोजित टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ अत्यंत उत्साह और पारंपरिक विधि-विधान के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यकारणी सदस्य सचिन माधोगरिया ने आचार्य पंडित धर्मेंद्रनाथ मिश्र के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच फीता काटकर किया।

इस अवसर पर श्री माधोगरिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना एवं भाईचारे के साथ क्रिकेट खेलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि — “अच्छे खेल और अच्छे खिलाड़ी को हमेशा याद रखा जाता है। खेल न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, एकता और ऊर्जा का संचार करता है।”

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के टूर्नामेंट को प्रतिभा निखारने का माध्यम बताया और कहा कि सरकार भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार योजनाएं चला रही है।

मुख्य अतिथि ने युवा भारती क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष अभिलाष झा, सचिव कुमुद झा और कोषाध्यक्ष आशीष कंचन सहित आयोजन समिति के सभी सदस्यों को इस शानदार आयोजन के लिए बधाई दी।

उद्घाटन समारोह के बाद टूर्नामेंट का पहला लीग मुकाबला नेपाल और नरपतगंज की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर नेपाल टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और दर्शकों के बीच रोमांचक खेल का प्रदर्शन किया। मैच के दौरान अंपायर की भूमिका नीतीश झा और केशव झा ने निभाई, जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी सर्विंद्र मिश्र ने संभाली।

पूरे कार्यक्रम में स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। मैदान के चारों ओर खेलप्रेमी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए। मौके पर महाशय झा, बच्चनजी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवाओं और खेलप्रेमियों की उपस्थिति से आयोजन स्थल गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]