सुपौल: छातापुर से मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने भरा नामांकन, कहा जनता के आशीर्वाद से बनेगा फिर विकासशील बिहार

News Desk Supaul:

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर गुरुवार को छातापुर विधानसभा क्षेत्र से निवर्तमान मंत्री सह भाजपा विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने बीरपुर अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी बीरपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रही ताकि नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद जैसे ही नीरज बबलू बाहर निकले, कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। पूरे परिसर में “नीरज बबलू जिंदाबाद” और “फिर एक बार NDA सरकार” के नारे गूंज उठे। वातावरण पूरी तरह चुनावी जोश से भर गया।

मीडिया से बातचीत में नीरज बबलू ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से अब तक पांच बार विधायक और दो बार मंत्री बना हूं। आज छठी बार नामांकन दाखिल किया है। मुझे पूरा भरोसा है कि जनता इस बार भी NDA पर विश्वास जताएगी। बिहार में बहुमत से NDA की सरकार बनेगी और हम 200 से अधिक सीटों पर विजय हासिल करेंगे।”

नामांकन के बाद एक जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। जनसभा को संबोधित करते हुए नीरज बबलू ने केंद्र और राज्य की NDA सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को गिनाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में चहुँमुखी विकास हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, हर क्षेत्र में विकास दिख रहा है। गांव से लेकर शहर तक आज लोग विकास की धारा से जुड़ चुके हैं। NDA सरकार ने बिना भेदभाव के जनता की सेवा की है, आगे भी यही प्राथमिकता रहेगी।

साथ ही उन्होंने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि विपक्ष के पास ना कोई मुद्दा है, ना कोई दृष्टि। वे सिर्फ भ्रम फैलाने में लगे हैं, जबकि NDA का लक्ष्य बिहार को आत्मनिर्भर बनाना है। कहा कि अब लालटेन का युग खत्म हो गया है, अब LED का युग आ गया है।

इस मौके पर मंच पर भाजपा नेता श्रवण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव, निवर्तमान जिलाध्यक्ष रामकुमार राय, जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, बीरपुर चैयरमैन सुशील कुमार, सुपौल चैयरमैन राघव झा, हम जिलाध्यक्ष चक्रधर ऋषिदेव समेत NDA घटक दल के प्रखंड व जिलास्तरीय नेता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]