सुपौल: डिजिटल सखी परियोजना से ग्रामीण महिलाएं बन रहीं डिजिटल रूप से सशक्त, राघोपुर में संकुल स्तरीय कार्यशाला आयोजित

News Desk Supaul:

कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत द्वारा संचालित एवं के सहयोग से चल रही डिजिटल सखी परियोजना के अंतर्गत शुक्रवार को सुपौल जिले के सरायगढ़ क्लस्टर में कृषि विज्ञान केंद्र, राघोपुर में संकुल स्तरीय कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य डिजिटल सखी परियोजना के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सरकारी पदाधिकारियों/कर्मियों एवं आमजन तक पहुँचाना तथा आपसी समन्वय को मजबूत करना था, ताकि ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल और वित्तीय रूप से सशक्त बनाने की पहल को और गति मिल सके।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत सिमराही की उपमुख्य पार्षद विनीता देवी उपस्थित रही। जबकि पैक्स अध्यक्ष भुवनेश्वरी प्रसाद, महासिमर आवास सहायक वंदना कुमारी, मलाढ़ के पूर्व मुखिया काजल कामिनी, निर्मली वार्ड पाषर्द मनोज कुमार, शत्रुघ्न महतो, निर्मला देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। सभी अतिथियों को बुके भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत डिजिटल सखियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुई, जिसने आयोजन को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। मंच संचालन करते हुए क्लस्टर कोऑर्डिनेटर भवेश कुमार ने डिजिटल सखी परियोजना के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यशाला के दौरान डिजिटल सखी अनिता कुमारी, टुन्नी कुमारी तथा महिला उद्यमी सबाना ने अपनी-अपनी सफलता की कहानियाँ साझा कीं, जिन्हें उपस्थित जनसमुदाय ने सराहा। उन्होंने बताया कि किस प्रकार डिजिटल सखी परियोजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल लेन-देन, बैंकिंग सेवाओं, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रियाओं एवं वित्तीय प्रबंधन की जानकारी मिल रही है।

परियोजना के अंतर्गत डिजिटल सखियाँ पंचायत स्तर पर महिलाओं को डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक कर रही हैं। साथ ही, बढ़ते डिजिटल और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर भी लोगों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में भी डिजिटल सखियाँ सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने डिजिटल सखी परियोजना की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण समाज के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया और भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर परियोजना के क्लस्टर को-ऑर्डिनेटर आलोक कुमार, राजेश कुमार सिंह सहित सभी पंचायतों की डिजिटल सखियाँ, महिला उद्यमी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]