सुपौल: डीएम सावन कुमार ने प्रतापगंज प्रखंड का किया निरीक्षण, बीएलओ कार्यों पर जताई संतुष्टि, बाजार अतिक्रमण हटाने के दिए सख्त निर्देश

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को प्रतापगंज प्रखंड का निरीक्षण दौरा किया। इस दौरान उन्होंने न केवल प्रखंड मुख्यालय स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालयों का जायजा लिया, बल्कि प्रखंड क्षेत्र के पंचायतों में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का भी गहन निरीक्षण किया।

डीएम सावन कुमार सबसे पहले प्रखंड कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अंचल कार्यालय की गतिविधियों को परखा और तत्पश्चात बीडीओ कार्यालय का भी निरीक्षण किया। कार्यालय परिसर में स्थित पोखर की ओर इशारा करते हुए उन्होंने इसके सौंदर्यीकरण को लेकर बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा से विस्तार से जानकारी ली। बीडीओ द्वारा प्रस्तावित वाहन शेड निर्माण के स्थान को लेकर डीएम ने कहा कि अगर शेड पोखर के सामने बनाया गया तो उसकी सुंदरता बाधित होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि वाहन शेड किसी एक साइड में बनाया जाए ताकि पोखर का दृश्य आकर्षक बना रहे।

निरीक्षण के दौरान पूर्व प्रमुख रमेश प्रसाद यादव ने डीएम के समक्ष बाजार क्षेत्र में व्याप्त अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। इस पर डीएम ने अंचलाधिकारी (सीओ) आशु रंजन को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बाजार में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण हर हाल में हटाया जाए। उन्होंने स्वयं यह स्वीकार किया कि मार्ग में आने के दौरान उन्होंने देखा कि कई अतिक्रमणकारियों द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर सड़क पर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे आमजन को परेशानी हो रही है। उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया।

इसके पश्चात डीएम सावन कुमार ने भवानीपुर दक्षिण, तेकुना सहित अन्य पंचायतों में बीएलओ केंद्रों पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, मृतकों के नाम हटाने तथा शुद्धिकरण कार्य की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद उन्होंने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों को संतोषजनक बताया।

पूरे निरीक्षण दौरे के दौरान बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा और सीओ आशु रंजन जिलाधिकारी के साथ मौजूद रहे और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते रहे। डीएम के इस दौरे से प्रशासनिक मशीनरी में चुस्ती-फुर्ती आई है और आमजन में यह संदेश गया है कि जिला प्रशासन विकास और कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सजग है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]