सुपौल: थरबिटिया में पानी के दबाव से पुलिया ध्वस्त, हजारों लोगों की आवाजाही ठप

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

जिले के किसनपुर प्रखंड के थरबिटिया स्टेशन के दक्षिणी रेलवे ढाला के समीप देर रात पानी के तेज दबाव से ग्रामीण सड़क पर बना पुलिया ध्वस्त हो गया, जिससे हजारों लोगों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

ग्रामीणों के अनुसार, यह पुलिया पिछले चार-पांच वर्षों से जर्जर अवस्था में था और बीच-बीच में धंस भी गया था, जिसके कारण वाहनों की आवाजाही पहले से ही बंद थी। लोग केवल पैदल ही इसे पार कर पाते थे। पुलिया की मरम्मत के लिए ग्रामीणों ने कई बार स्थानीय प्रशासन, संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बीती रात पानी के तेज बहाव से पुलिया का एप्रोच पथ और संरचना पूरी तरह टूट गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, रेलवे के अभियंता और अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, मौके पर मौजूद रेलवे अधिकारी ने फिलहाल कोई आधिकारिक बयान देने से इनकार किया।

पुलिया के ध्वस्त हो जाने से अब आसपास के गांवों के लोगों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द पुलिया का पुनर्निर्माण करने की मांग कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, वर्षों पूर्व इस पुलिया का निर्माण रेलवे विभाग द्वारा कराया गया था। अब देखना होगा कि कब तक इस दिशा में ठोस कदम उठाया जाता है और आवागमन बहाल हो पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]