सुपौल: नगर पंचायत सिमराही में ठंड से राहत के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम, तीसरे दिन भी जारी

न्यूज डेस्क सुपौल:

बढ़ती ठंड और शीतलहर को ध्यान में रखते हुए जिले के  नगर पंचायत सिमराही में कंबल वितरण कार्यक्रम तीसरे दिन सोमवार को जारी रहा। इस दौरान वार्ड संख्या 12, वार्ड संख्या 7 सहित अन्य वार्डों के जरूरतमंद, वृद्ध, विकलांग, और निःसहाय लोगों के बीच कंबल वितरित किए गए।

इस कार्यक्रम का नेतृत्व नगर कार्यपालक पदाधिकारी शशिकांत ने किया। साथ ही वार्ड 12 की पार्षद स्मृति कुमारी, वार्ड 7 की पार्षद पूजा कुमारी और उप मुख्य पार्षद विनीता देवी सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उन्होंने जरूरतमंदों को अपने हाथों से कंबल ओढ़ाकर उनका आशीर्वाद लिया।

विज्ञापन

जनप्रतिनिधियों ने बताया कि यह कार्यक्रम नगर पंचायत गठन के बाद पहली बार आयोजित किया गया है, और इसे जरूरतमंदों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। कंबल प्राप्त करने वाले लाभार्थियों में विना देवी, जयकांत धामी, शिवशंकर कुमार, केदार धामी, धरमू धामी, बिसो देवी, रुबिया देवी, बीबी रेहाना खातून, बीबी जुवेदा, तिलकी देवी, प्रभु धामी, रुवेदा खातून, चमेली धामी, मो रमजान और चानो देवी सहित अन्य लोग शामिल थे।

लाभार्थियों ने कंबल वितरण के प्रति अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि वितरित किए गए कंबल उच्च गुणवत्ता के हैं। लाभार्थियों ने नगर पंचायत और संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम से उन्हें ठंड से राहत मिली है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्य पार्षद विनीता देवी ने बताया कि नगर पंचायत के सभी वार्डों में कंबल वितरण का कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ठंड के प्रकोप से जूझ रहे लोगों को राहत प्रदान करना है। वहीं, वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी और पूजा कुमारी ने बताया कि कंबल वितरण के लिए नगर कार्यपालक पदाधिकारी के पास प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था, जिसे स्वीकृति मिलने के बाद सफलतापूर्वक लागू किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *