सुपौल: नहर में डूबने से बुजुर्ग की मौत, कई किलोमीटर दूर लाश बरामद, परिजनों में शोक

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के धरहारा वार्ड 11 में सोमवार को सुबह करीब 7:30 बजे एक बुजुर्ग व्यक्ति की नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे। राघोपुर प्रशासन ने तुरंत NDRF टीम को बुलाया, जो बचाव कार्य में जुट गई। लगभग पांच घंटे की तलाशी और प्रयासों के बावजूद सदानंद झा का शव मौके पर नहीं मिला। नहर का पानी काफी तेज था, जिससे उनकी लाश बहकर कई किलोमीटर दूर किशनपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत परसा गांव में मिला।

जानकारी देते हुए मृतक के परिजन पौत्र सौरव झा, पौत्री पूजा कुमारी, पुनीत झा ने बताया कि सदानंद झा सुबह के समय अपने घर से निकलकर गम्हरिया उपशाखा नहर किनारे मुंह-हाथ धोने गए थे। नहर के किनारे फिसलन होने के कारण उनका पैर फिसल गया और वे नहर में गिर गए। बुजुर्ग के गिरते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाया और तुरंत उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वे डूब गए।

वहीं, किसनपुर थाना क्षेत्र के परसा गांव में जब कुछ ग्रामीणों ने नहर में एक शव को देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस और बुजुर्ग के परिजन वहां पहुंचे, जहां शव की पहचान धरहारा वार्ड 11 निवासी सदानंद झा के रूप में की गई। इस खबर से उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई, और गांव में मातम छा गया।

मृतक का फाइल फोटो

किसनपुर पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही में जुट गई है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों का कहना है कि नहर के किनारे कोई सुरक्षा उपाय नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि नहर किनारे सुरक्षा दीवार या बाड़ लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]