सुपौल: पिपरा में महिलाओं से गहनों की ठगी, ‘डबल करने’ के झांसे में लाखों के आभूषण लेकर फरार हुआ महिला गिरोह

Report: A.K Chaudhary

जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के कटिन चौक के पास स्थित आनंदीपट्टी गांव से महिलाओं के साथ ठगी का एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बाहर से आई महिला ठगों के एक संगठित गिरोह ने गांव की भोली-भाली महिलाओं को लालच में फंसाकर उनके कीमती आभूषण हड़प लिए और फरार हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव में बाहरी महिलाओं का एक समूह आया, जिसने खुद को भरोसेमंद बताते हुए महिलाओं से संपर्क बढ़ाया। शुरुआत में गिरोह ने घरेलू बर्तनों को 24 घंटे में दोगुना कर लौटाने का झांसा दिया। इस विश्वास को मजबूत करने के लिए ठग महिलाओं ने पहले दिन कुछ बर्तन लेकर अगले दिन वापस लौटकर बर्तन के साथ 500 रुपये अतिरिक्त दिए। इससे गांव की महिलाओं का भरोसा पूरी तरह जीत लिया गया।

इसके बाद ठग गिरोह ने असली चाल चली। उन्होंने गांव की महिलाओं को यह कहकर बहकाया कि सोने-चांदी के आभूषण भी वे 24 घंटे में दोगुना कर लौटा देंगी। भरोसे में आ चुकी महिलाओं ने अपने गहने उन्हें सौंप दिए। ठग महिलाओं ने अगले दिन लौटने का आश्वासन दिया और गांव से चली गईं, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं आईं।

जब तय समय पर ठग महिलाएं नहीं लौटीं, तब ग्रामीणों को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित महिलाओं में रोना-बिलखना मच गया और पूरे गांव में कोहराम फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यह गिरोह अलग-अलग गांवों में घूम-घूमकर इसी तरह की ठगी को अंजाम दे रहा है और खासकर ग्रामीण महिलाओं को अपना निशाना बना रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस ठगी में करीब 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण गायब हो चुके हैं। घटना की सूचना पिपरा थाना पुलिस को दे दी गई है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की गहन जांच कर ठग गिरोह को जल्द गिरफ्तार करने और पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और आसपास के इलाकों में ठग महिलाओं की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]