सुपौल में आईसीडीएस की समीक्षात्मक बैठक सम्पन्न, डीएम ने दिए क्रियान्वयन और निगरानी को लेकर कड़े निर्देश

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में समेकित बाल विकास सेवाएं (ICDS) की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन जिला कार्यक्रम कार्यालय, ICDS द्वारा किया गया जिसमें जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO), महिला पर्यवेक्षिकाएं और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने ICDS के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र का नियमित निरीक्षण किया जाए और योजना से संबंधित अद्यतन आंकड़ों में वृद्धि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आंकड़ों की प्रगति केवल कागजी न होकर जमीनी स्तर पर भी परिलक्षित होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने महिला पर्यवेक्षिकाओं और परियोजना पदाधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मियों को योजनाओं की समुचित जानकारी देने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित करें, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन सुचारू और प्रभावी ढंग से हो सके।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कमज़ोर प्रदर्शन वाले सेक्टरों की समीक्षा करते हुए संबंधित महिला पर्यवेक्षिकाओं के साथ समन्वय स्थापित कर सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिलास्तर पर प्राप्त आंकड़ों और फील्ड निरीक्षणों के बीच सामंजस्य होना आवश्यक है।

इस बैठक में ICDS की प्रमुख योजनाओं जैसे पूरक पोषण कार्यक्रम, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं की देखभाल, बच्चों की पूर्व-शिक्षा एवं विकास आदि की समीक्षा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]