सुपौल में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, छोटे भाई ने मारी गोली – दो की हालत नाजुक

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर वार्ड संख्या 4 में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छोटे भाई ने गुस्से में आकर अपने ही दो सगे भाइयों और एक भतीजे को गोली मार दी। इस घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद सुपौल सदर अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना बीती देर रात की है, जब माधोपुर निवासी चंदन राम ने घरेलू विवाद के चलते अपने भाई सुनील राम, शुशील राम और भतीजे गुड्डू कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायलों को छातापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया।

छातापुर CHC में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर शशि शंकर कुमार ने बताया कि तीनों को गोली लगने के कारण भर्ती कराया गया था। सभी का प्राथमिक इलाज कर गंभीर हालत में सदर अस्पताल भेजा गया है।

इधर, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चंदन राम मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए छातापुर CHC में भर्ती कराया।

घटना की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज SDPO विभाष कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन की। छातापुर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी चंदन राम को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस हर पहलु से मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]