सुपौल में चेहल्लुम व जन्माष्टमी को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

News Desk Supaul:

चेहल्लुम एवं जन्माष्टमी पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल सदर इंद्रवीर कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार अनुभवी की अध्यक्षता में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक अनुमंडल सभागार में हुई। बैठक में शांति समिति के सभी सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

सदस्यों ने बताया कि 15 अगस्त को चेहल्लुम का पर्व है, जो सदर अनुमंडल क्षेत्र में ग्रामीण स्तर पर आपसी सहयोग और समन्वय से मनाया जाता है। इस दौरान किसी विशेष आयोजन या विधि-व्यवस्था की समस्या की संभावना नहीं रहती। वहीं, 16 अगस्त को जन्माष्टमी का पर्व जिले में बड़े ही धूमधाम और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाता है, खासकर करणपुर, बसबिट्टी, रामदत्तपट्टी, किशनपुर, सरायगढ़, पिपरा समेत कई स्थानों पर मेला का आयोजन होता है।

बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आयोजनों में सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा। डीजे बजाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। पूजा समितियों को मेला स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और वॉलंटियर्स की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि संभावित आयोजन स्थलों का पूर्व निरीक्षण करें और आवश्यकता पड़ने पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की सूचना समय पर दें। साथ ही, त्योहारों के दौरान पुलिस पदाधिकारी स्वयं गतिमान रहेंगे ताकि किसी भी घटना पर तुरंत कार्रवाई हो सके। बैठक का समापन सभी सदस्यों के धन्यवाद के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]