सुपौल में दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग के कटे दोनों पैर, इलाज के दौरान मौत

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

सुपौल में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया। जिले के सुपौल रेलवे स्टेशन के दक्षिणी रेलवे ढाला के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके दोनों पैर कट गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र के मोरा कवियाही निवासी 55 वर्षीय राजकुमार साह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, राजकुमार साह अपने घर से सुपौल किसी कार्य से आए थे। वे चकला निर्मली बस स्टैंड पर बस से उतरे और सुपौल रेलवे स्टेशन के दक्षिणी रेलवे ढाला को पार करने लगे। इसी दौरान अचानक एक ट्रेन वहां से गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आकर वे पटरी पर गिर पड़े और उनके दोनों पैर कट गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें गंभीर अवस्था में उठाकर सदर अस्पताल सुपौल पहुंचाया। लेकिन हालत इतनी नाजुक थी कि डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद अधिक खून बह जाने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। इस दर्दनाक घटना से इलाके में शोक की लहर है और लोग रेलवे ढालों पर सुरक्षा प्रबंधन को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]