सुपौल में दिल दहला देने वाली वारदात: 13 वर्षीय बच्चे की हत्या, दबंगों ने शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के हरीहरपट्टी पंचायत से मंगलवार को एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 13 वर्षीय मासूम विकास कुमार की गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी गई और उसके बाद दबंगों ने परिजनों को धमकाते हुए शव को जला डाला। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्चा विकास सोमवार रात घर पर ही मौजूद था। उसकी मां मंजू देवी ने उसे खाने के लिए बुलाया तो उसने थोड़ी देर में आने की बात कही और वापस नहीं लौटा। परिवार वालों को लगा कि वह खेलते-खेलते कहीं बाहर चला गया है, लेकिन रातभर उसकी कोई खबर नहीं मिली।

मंगलवार की सुबह करीब 4 बजे जब मां मंजू देवी घर के आंगन स्थित टूटे कमरे में पहुंचीं, तो वहां बेटे का शव देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। विकास के गले में रस्सी और गहरे जख्म के निशान साफ नजर आ रहे थे।

दबंगों पर गंभीर आरोप

परिजनों का आरोप है कि गांव के मुखिया पति, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और अन्य दबंग जनप्रतिनिधियों ने मिलकर हत्या को छिपाने की साजिश रची। बताया गया कि मां को जबरन कमरे में बंद कर दिया गया और फिर विकास के शव को बांस के बीट में ले जाकर उस पर यूरिया और पेट्रोल डालकर जला दिया गया। शव जल जाने से पूरा परिवार चीखता-चिल्लाता रह गया, लेकिन किसी ने उनकी एक न सुनी।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि शव पूरी तरह जल जाने के कारण पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि परिजनों के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर हत्या और साक्ष्य मिटाने में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]