सुपौल में प्रधानाचार्य के स्थानांतरण की सूचना पर छात्रों ने किया NH 106 सड़क को घंटों जाम, विभाग के खिलाफ की नारेबाजी

न्यूज डेस्क सुपौल: सुपौल जिला अंतर्गत राघोपुर थाना क्षेत्र के सरहोचिया गांव के समीप शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे मध्य विद्यालय सतकोदरिया के छात्र छात्राओं ने एनएच 106 सड़क को जाम कर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम करने में विद्यालय के बच्चे सहित अभिभावक भी मौजूद थे। सड़क जाम का मुख्य कारण विद्यालय में नए प्रधानाचार्य का आने के कारण छात्र छात्राओं के बीच पूर्व के प्रभारी प्रधानचार्य विवेकानंद कुमार के स्थानांतरण की सुचना को लेकर किया गया।

बता दें कि सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे बच्चों ने बताया की विभागीय आदेश पर विद्यालय में नए प्रधानाचार्य का पदस्थापना हुई है। जिस कारण पूर्व के प्रभारी प्रधानाचार्य का अब स्थानांतरण कर दिया जाएगा। छात्रों ने बताया की हमलोगों का मांग है की प्रभारी प्रधानाचार्य विवेकानंद कुमार विद्यालय में बने रहें। बच्चों ने बताया की विवेकानंद कुमार के कारण हमलोगों के विद्यालय में पढ़ाई लिखाई का काम ठीक ढंग से चल रहा है जो इनसे पूर्व नहीं होती थी। बताया की प्रभारी प्रधान के कारण आज उत्क्रमित मध्य विद्यालय सतकोदरिया के बच्चे पढ़ाई लिखाई के साथ साथ विभिन्न तरह के खेल प्रतियोगिता में जिला ही नहीं राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का झंडा लहरा रहा है। जब से विवेकानंद कुमार विद्यालय में प्रधान का पद संभाले है विद्यालय का विधि व्यवस्था ही बदलकर रख दिया है। उनके कार्यकाल में सभी बच्चे विद्यालय में उपस्थित रहते है क्योंकि अब विद्यालय में ठीक ढंग से पढ़ाई होता है। पढ़ाई अवधि में एक भी शिक्षक विद्यालय में अपना मोबाईल फोन स्विच ओन कर नहीं रखते है। उनके कार्यकाल में विद्यालय में साफ सफाई के साथ एमडीएम का भी उत्तम व्यस्था रहता है।

वहीं, अभिभावकों ने बताया की विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य के व्यवहार एवं कार्य के प्रति लगन को देखते हुए उनलोगों ने अपने बच्चे को निजी विद्यालय में नहीं भेजकर इस सरकारी विद्यालय में भेजते है। क्योंकि इसके अवधि में विद्यालय में निजी विद्यालय से बेहतर बच्चों को शिक्षा मिलती है। लेकिन उनके यहां से चले जाने के बाद आगे संभव नहीं हो पाएगा।

वहीं, इस दौरान सड़क जाम की सुचना स्थानीय लोगों के द्वारा 112 पुलिस व राघोपुर थाना को दिया गया। जहां मौके पर पहले 112 की पुलिस पहुंची और भीड़ को समझाने का प्रयास किया साथ ही इस दौरान 112 की कॉन्स्टेबल प्रीति कुमारी ने दबंगई दिखाते हुए रिपोटिंग कर रहे पत्रकार सहित स्थानीय लोगों का मोबाइल छीनने लगा। सड़क जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लम्बी कतार लग गई थी। बाद में जाम स्थल पर पहुंची राघोपुर थाने की पुलिस के द्वारा स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधि के सहयोग से बच्चों एवं अभिभावकों को समझा बुझाकर करीब 3 घंटे के बाद सड़क जाम समाप्त कर पुनः आवागमन बहाल किया गया।

इस बावत विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य विवेकानंद कुमार ने बताया की विभाग के निर्देश पर विद्यालय में संजय कुमार पंकज नए प्रधानाचार्य का प्रभार लेने पहुंचे थे, जिस कारण बच्चों ने अपने अपने अभिभावक को बुलाकर विरोध शुरू कर दिया उसके बाद वह लोग विद्यालय से निकल कर सड़क पर चले गए। बताया की प्रशासन एवं स्थानीय लोगों के द्वारा सड़क जाम समाप्त करवाने के बाद नए प्रधानाचार्य के रूप में संजय कुमार ने प्रभार ग्रहण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]