सुपौल में बनेगा अत्याधुनिक मिड-वे सर्विस प्लाजा: ₹29.53 करोड़ की परियोजना को मिली मंजूरी, मंत्री नीतीश मिश्रा बोले – मिलेगी अत्याधुनिक सुविधाएं

न्यूज डेस्क सुपौल:

पर्यटन विभाग पूरे प्रदेश में बेहतर पर्यटकीय सुविधाओं के निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में सुपौल जिले के एनएच-27 पर मिड-वे सर्विस प्लाजा के निर्माण का निर्णय लिया गया है। बुधवार को पर्यटन विभाग ने सुपौल के आसनपुर कुपहा में स्थित अपनी भूमि पर मिडवे सर्विस प्लाजा के पहले चरण के निर्माण के लिए ₹29.53 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की।

एक्स ( ट्विटर) पोस्ट के माध्यम से पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा ने इस बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर (पोरबंदर से सिलचर तक) पर स्थित NH-27 के कोसी महासेतु के समीप, सुपौल जिले के आसनपुर कुपहा में पर्यटन विभाग की भूमि पर इस प्लाजा का निर्माण किया जाएगा। आने वाले समय में इस बहुउद्देश्यीय भवन में फ़ूड कोर्ट, क्विक सर्विस रेस्टोरेंट, इनडोर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज, रिटेल स्टोर, ई-चार्जिंग पॉइंट्स, फ्यूल आउटलेट, जनसुविधा केंद्र, और यात्रियों के लिए अत्याधुनिक पार्किंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस परियोजना के तहत मुख्य भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसमें उपरोक्त सुविधाओं के साथ एक इंटरटेनमेंट जोन और एडवरटाइजिंग फेसाड जैसी सुविधाओं का भी समावेश होगा। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम इस योजना की कार्यकारी एजेंसी होगी, और इसे आगामी 24 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है।

बताया कि NH-27 एक अति व्यस्त राजमार्ग है, और इस परियोजना के माध्यम से इस मार्ग से यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर और आरामदायक अनुभव प्राप्त होगा। इसके अलावा, इस प्लाजा के निर्माण से पर्यटकों के साथ-साथ आम जनता को भी उच्चस्तरीय पर्यटकीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]