सुपौल में भीषण अगलगी, एक दर्जन दुकानें जलकर खाक, लाखों की संपत्ति नष्ट

News Desk Supaul:

सुपौल जिले में एक बार फिर भीषण अगलगी की घटना सामने आई है। इस हादसे में करीब एक दर्जन दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं, जबकि दुकानों में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। घटना सुपौल सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसी पूर्वी तटबंध के स्पर संख्या 57.20 के समीप 57.20 चौक पर देर रात घटी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अचानक 57.20 चौक पर आग की तेज लपटें उठने लगीं। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते आसपास की 10 से 12 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण वे सफल नहीं हो सके।

बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलने के बावजूद दमकल की गाड़ी को मौके पर पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिला मुख्यालय से महज ढाई से तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस चौक तक दमकल वाहन के पहुंचने में हुई देरी के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। दमकल के देर से पहुंचने को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकानों में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। दुकानदारों के अनुसार, इस अगलगी की घटना में किराना, कपड़ा, चाय-नाश्ता सहित अन्य दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से जांच की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि इस भीषण अगलगी में करीब 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना के बाद पीड़ित दुकानदारों में मायूसी और चिंता का माहौल बना हुआ है, वहीं लोग प्रशासन से मुआवजे और बेहतर अग्निशमन व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]