सुपौल में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई: डीएम ने ICDS कार्यालय में मारा छापा, डीपीओ और ऑपरेटर गिरफ्तार

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को समेकित बाल विकास परियोजना (ICDS) कार्यालय में अचानक छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में डीएम ने रिश्वत लेते हुए डीपीओ शोभा सिन्हा और कंप्यूटर ऑपरेटर चंदन कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार करवाया।

जानकारी के मुताबिक, नव नियुक्त महिला पर्यवेक्षिका (एलएस) से घूस लेने की शिकायत मिली थी। डीएम सावन कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान रिश्वत की नकद राशि भी बरामद हुई है, जिसकी गिनती व जांच की जा रही है। डीएम के निर्देश पर सुपौल एसपी शरथ आर एस भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की।

कार्यालय से महत्वपूर्ण दस्तावेजों और रजिस्टरों की भी जांच की गई। प्रारंभिक जांच में भ्रष्टाचार के स्पष्ट साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की कार्रवाई पुलिस व प्रशासन संयुक्त रूप से कर रही है।

डीएम की इस त्वरित कार्रवाई से सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है, और यह संदेश गया है कि भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]