सुपौल में विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 की शुरुआत, जिलाधिकारी ने चार जागरूकता रथों को दिखाई हरी झंडी

न्यूज डेस्क सुपौल:

आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के तहत मतदाता सूची के अद्यतन कार्य को गति देने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से जिलाधिकारी सावन कुमार (भा.प्र.से.) ने चार जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ये जागरूकता रथ जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और नगर क्षेत्रों में भ्रमण कर आम लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने, स्थानांतरण या संशोधन के संबंध में जानकारी देंगे। रथों के माध्यम से लाउडस्पीकर और प्रचार सामग्रियों द्वारा यह संदेश प्रसारित किया जाएगा कि 1 अगस्त से 1 सितम्बर 2025 तक विशेष अभियान के तहत मतदाता सूची में नामांकन, विलोपन, स्थानांतरण एवं संशोधन कराया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने मौके पर कहा, “मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा अधिकार है। हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना अनिवार्य है। इस अभियान के माध्यम से हम घर-घर जागरूकता पहुंचाएंगे ताकि कोई भी मतदाता छूटे नहीं।”

अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालय, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यालय और निर्धारित कैंप स्थलों पर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक आवेदन लिए जाएंगे। इसके लिए पात्र व्यक्ति स्व-घोषणा पत्र के साथ आवश्यक पहचान व पते के दस्तावेज जमा कर सकते हैं। जो लोग ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाना चाहेंगे, वे voters.eci.gov.in पोर्टल पर जाकर भी अपना नाम जोड़ने, हटाने या संशोधित करने का कार्य कर सकते हैं।

जिला स्वीप कोषांग, सुपौल के माध्यम से संचालित इस अभियान में प्रशासन ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है।

इस अवसर पर विकास कुमार कर्ण (विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा), मुकेश कुमार (वरीय उप समाहर्त्ता), शैलेश कुमार (प्रबंधक, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र), सोनम कुमारी (जिला समन्वयक, LSBA), विवेक कुमार, अभिषेक कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]