सुपौल में CM का वीडियो संवाद, अब 125 यूनिट तक बिजली फ्री, 30 हजार उपभोक्ताओं की जेब होगी हल्की

न्यूज डेस्क सुपौल:

मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना का दायरा बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने सभी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 125 यूनिट तक का बिजली बिल पूर्णतः निःशुल्क करने की घोषणा की है। इस योजना का लाभ जुलाई 2025 की खपत के आधार पर अगस्त 2025 में निर्गत बिजली बिल से उपभोक्ताओं को दिया जा रहा है।

इसी परिप्रेक्ष्य में मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के लाभार्थियों से संवाद किया।

सुपौल जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले बसबिट्टी निवासी कोमल कुमारी से सीधे बातचीत की। कोमल कुमारी ने 125 यूनिट बिजली माफ करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद देते हुए इसे गरीब और मध्यम वर्ग के लिए बड़ी राहत बताया।

जिले के सभी प्रखंडों में भी इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कुल 60 स्थानों पर आयोजन के दौरान लगभग 30 हजार उपभोक्ताओं ने मुख्यमंत्री के संदेश को सुना और योजना की जानकारी प्राप्त की।

सरकार का मानना है कि इस कदम से लाखों घरेलू उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत मिलेगी और समय पर बिजली बिल चुकाने की प्रवृत्ति को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार जनहित में ऐसी योजनाओं को आगे भी जारी रखेगी ताकि आम नागरिकों का जीवन आसान हो सके।

सुपौल मुख्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में 1500 से अधिक उपभोक्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज कल्याण विभाग के मंत्री एवं सुपौल जिले के प्रभारी मंत्री मदन सहनी ने की।

मौके पर निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, पिपरा विधायक राम विलास कामत, जिलाधिकारी सावन कुमार, अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, अनुमंडल पदाधिकारी इन्द्रवीर कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी गयानंद यादव, विशेष कार्य पदाधिकारी विकास कुमार कर्ण, विद्युत कार्यपालक अभियंता सुपौल/राघोपुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]