सुपौल: राघोपुर में एफपीओ कार्यालय का उद्घाटन, किसानों को उन्नत खेती और व्यवसायिक अवसर मिलने की उम्मीद

न्यूज डेस्क सुपौल:

राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के मद्यनिषेध थाना के सामने शुक्रवार को किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस समारोह में कृषि विज्ञान केंद्र, राघोपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक मिथिलेश कुमार राय, भाजपा नेता सुरेश सुमन, सुमन चंद, उमेश गुप्ता, डॉ. बिमल भारती और मद्यनिषेध थाना अध्यक्ष पंकज कुमार समेत अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र राघोपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक श्री राय ने बताया कि किसानों की आय दोगुनी करने और वैज्ञानिक तरीकों से आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे एफपीओ का गठन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान उत्पादक संगठन के माध्यम से किसान एक मंच पर आकर न केवल उन्नत खेती कर सकेंगे, बल्कि कृषि को व्यावसायिक रूप देने में भी मदद मिलेगी।

सीईओ नीतीश कुमार ने एफपीओ के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के तहत देश के हर प्रखंड में एक एफपीओ की स्थापना की जा रही है। उन्होंने बताया कि राघोपुर प्रखंड का एफपीओ पतंजलि कंपनी के अधीन कार्य करेगा। इसके तहत किसान केवल 2000 रुपये देकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं, जिसके बाद सरकार भी 2000 रुपये का अंशदान करेगी, जिससे किसान का कुल शेयर 4000 रुपये का हो जाएगा। इसके बाद, एफपीओ जब भी किसी भी प्रकार के व्यापार से लाभ कमाएगा, तो उस लाभ में किसानों की हिस्सेदारी बढ़ती जाएगी। इस एफपीओ के माध्यम से किसानों को खाद, बीज, कीटनाशक और अन्य कृषि सामग्री बाजार मूल्य से कम दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि किसान अधिक लाभ प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम में एफपीओ के सदस्य उपेंद्र दास, अनुज गिरी, सुबोध आदित्य, राधेश्याम कुमार, अर्जुन गिरी, ममता देवी, धर्मेंद्र कुमार, रामनारायण मंडल, मनोज कुमार दास और अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]