सुपौल: राघोपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक–टेंपू की टक्कर में युवक की मौत

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत करजाइन थाना क्षेत्र के फकीरना चौक स्थित एनएच-106 पर मंगलवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक और टेंपू के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक चालक एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से टेंपू चालक टेंपू समेत फरार हो गया।

मृतक की पहचान प्रतापगंज थाना क्षेत्र के भालूकूप वार्ड संख्या 4 निवासी राम नारायण शर्मा के 18 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि राहुल करजाइन थाना क्षेत्र के सीतापुर में अपने रिश्तेदार के यहां रह रहा था। मंगलवार को वह किसी काम से अपने रिश्तेदार के यहां से सिमराही बाजार जा रहा था। इसी दौरान फकीरना चौक के पास उसकी बाइक एक टेंपू से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक का फाइल फोटो

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि राहुल सड़क पर गिर पड़ा और उसे गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बिना देर किए घायल को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वही रेफरल अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. संजीव द्विवेदी ने बताया कि घायल युवक को जब अस्पताल लाया गया, तब उसकी हालत बेहद नाजुक थी और जांच में वह ‘ब्रॉट डेड’ पाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं, हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही करजाइन थाना की पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। मामले में करजाईन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्यवाही की जा रही है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]