सुपौल: राघोपुर में बिजली पोल की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, ग्रामीणों ने विरोध में किया NH 106 सड़क जाम

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के फिंगलास पंचायत अंतर्गत परसरमा गांव में बुधवार शाम एक बिजली पोल के करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान चित नारायण यादव के पुत्र 37 वर्षीय अमरेंद्र कुमार के रूप में की गई जो फारबिसगंज में एक फैक्ट्री में काम करता था। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार अमरेंद्र कुमार पर्व के अवसर पर गांव आया था और शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपने खेत से भैंस लेने गया था तभी 33 हजार वोल्ट के विद्युत पोल से निकले करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत बिजली विभाग को कई बार फोन किया परंतु बिजली काटने में देरी हुई। इसके बाद अमरेंद्र को गंभीर हालत में रेफरल अस्पताल राघोपुर ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच 106 पर बांस-बल्ले लगाकर सड़क को जाम कर दिया और विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि परसरमा गांव में बिजली विभाग की लापरवाही से पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि 33 हजार वोल्ट की लाइन गांव के ऊपर से गुजरती है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी एक भैंस की मौत इसी प्रकार हुई थी और कई बार लिखित शिकायतें देने के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए।

विधायक के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम

घटना की जानकारी मिलने पर फिंगलास पंचायत के मुखिया प्रकाश यादव ने विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव और विद्युत विभाग के अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। विधायक के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]