सुपौल: राघोपुर रेफरल अस्पताल को मिला नया 50 बेड का अत्याधुनिक भवन, स्वास्थ्य सेवाओं में होगा बड़ा सुधार

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर रेफरल अस्पताल में वर्षों की प्रतीक्षा के बाद बने 50 बेड के नवनिर्मित भवन का गुरुवार को उद्घाटन किया गया। उदघाटन समारोह को लेकर आयोजित कार्यक्रम में विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव सहित अन्य नेताओं ने पहुंचकर शिरकत किया और शिलालेख का अनावरण किया। जानकारी अनुसार इस भवन के निर्माण पर लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत आई है। उद्घाटन का मुख्य कार्यक्रम वर्चुअल तरीके से पटना से आयोजित किया गया, जिसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा और अन्य मंत्रियों ने भाग लिया।

शिलापट्ट का अनावरण करते विधायक व अन्य

दोपहर 2:55 बजे विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने रेफरल अस्पताल पहुंचकर शिलापट्ट का अनावरण किया और फीता काटकर नए अस्पताल भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान विधायक के साथ सीएस सुपौल ललन ठाकुर, एसडीएम बीरपुर नीरज कुमार, बीडीओ राघोपुर ओम प्रकाश, सीओ रश्मि प्रिया, थानाध्यक्ष नवीन कुमार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

विधायक को सम्मानित करते प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी

कार्यक्रम के उद्घाटन से पहले, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ दीपनारायण राम ने विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव को एक पौधा भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित अन्य नेताओं और अधिकारियों का भी स्वागत किया गया। उद्घाटन के बाद विधायक श्री यादव ने अस्पताल भवन का निरीक्षण किया और भवन की गुणवत्ता और निर्माण पर संतोष व्यक्त किया।

नए भवन का जायजा लेते विधायक व अन्य पदाधिकारी

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने कहा कि इस अस्पताल में भवन की बहुत कमी थी, जिसकी ओर अस्पताल के प्रभारी ने कई बार ध्यान दिलाया। इसके बाद मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के सहयोग से यह नया अस्पताल भवन बन सका। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए लगातार काम कर रही है। पहले बिहार में केवल चार मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन अब 12 कॉलेज संचालित हो रहे हैं और कई नए मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति मिल चुकी है, जो जल्द ही बनकर तैयार होंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते विधायक

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपनारायण राम ने बताया कि पहले यह अस्पताल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र था, लेकिन कुशहा त्रासदी के दौरान इसने रेफरल अस्पताल का रूप लिया और इस क्षेत्र में आपदा के दौरान प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल में इंफ्रास्ट्रक्चर की भारी कमी थी, जिसके कारण कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। लेकिन स्थानीय विधायक के सहयोग से यह नया भवन तैयार हुआ है, जो अब सभी के लिए उपलब्ध है।

पूर्व प्रमुख महेंद्र प्रसाद गुप्ता ने अपने संबोधन में अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या को देखते हुए एक महिला डॉक्टर की नियुक्ति की मांग की।

कार्यक्रम में उपस्थित लोग

समारोह में सिकेन्द्र प्रसाद यादव, बैद्यनाथ प्रसाद भगत, कमल यादव, सचिन माधोगड़िया, उमेश कुमार गुप्ता, अमित भगत, नरेंद्र यादव, बिन्दा प्रसाद गुप्ता, डॉ राहुल झा, डॉ दीपक गुप्ता, डॉ संजीव द्विवेदी, बीएचएम नोमान अहमद, सोनू सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *