सुपौल: राघोपुर स्टेशन पर न्यू जलपाईगुड़ी–नरकटियागंज स्पेशल ट्रेन ठहराव की माँग तेज, रेल मंत्री व सांसद को सौंपा गया माँग पत्र

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के राघोपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे द्वारा घोषित न्यू जलपाईगुड़ी–नरकटियागंज साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (05738/05737) का ठहराव सुनिश्चित करने की माँग को लेकर स्थानीय लोगों ने आवाज़ बुलंद कर दी है। इसको लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने स्टेशन अधीक्षक, राघोपुर के माध्यम से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत को एक विस्तृत माँग पत्र सौंपा है।

माँग पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि वर्तमान समय सारणी में इस ट्रेन का राघोपुर स्टेशन पर ठहराव निर्धारित नहीं है। जबकि राघोपुर न केवल सुपौल जिले का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, बल्कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री यहाँ से आवाजाही करते हैं। यह स्टेशन राष्ट्रीय राजमार्ग-27 और राष्ट्रीय राजमार्ग-131 के संगम पर स्थित होने के कारण व्यापार और यात्री आवागमन की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है।

स्थानीय लोगों ने अपने पत्र में धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से राघोपुर की अहमियत का भी उल्लेख किया है। स्टेशन से महज 2 किलोमीटर की दूरी पर दक्षिण भारतीय शैली में निर्मित विशाल विष्णु मंदिर स्थित है, जो श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। वहीं करीब 4 किलोमीटर दूर महाभारत काल से जुड़ा ऐतिहासिक बाबा भीमशंकर मंदिर है, जो देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का आकर्षण बना हुआ है।

इसके अलावा राघोपुर स्टेशन कोसी बैराज के समीप स्थित है, जिससे नेपाल सीमा से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह बेहद सुविधाजनक पड़ता है। क्षेत्र के व्यापारियों और यात्रियों का कहना है कि यदि इस ट्रेन का ठहराव राघोपुर में सुनिश्चित किया जाता है, तो इससे न केवल आम लोगों को सुविधा होगी बल्कि रेलवे को भी अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।

स्थानीय प्रतिनिधियों ने इस पत्र में भविष्य में चलने वाली अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों का भी राघोपुर स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की अपील की है। लोगों को उम्मीद है कि रेलवे मंत्रालय इस माँग पर शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेगा और राघोपुर स्टेशन को यात्रा के लिहाज से और अधिक सुलभ बनाया जाएगा।

मौके पर बैद्यनाथ प्रसाद भगत, कमल प्रसाद यादव, उमेश कुमार गुप्ता, मयंक गुप्ता, महेंद्र प्रसाद गुप्ता, बैद्यनाथ यादव, मो. अखलाख, नूर आलम, स्मृति कुमारी, अमरजीत साह, रमन झा, गुड्डू गुप्ता, रिंकू भगत, शुभम राज, रंभा देवी, विजय सिंह, प्रदीप चौधरी, रंजीत कुमार, सोनू भगत, प्रदीप सेन आदि लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]