सुपौल: राज्यरानी एक्सप्रेस के ललितग्राम विस्तार पर सांसद दिलेश्वर कामैत का जताया आभार, रेल ठहराव व सड़क निर्माण की रखी मांग

News Desk Supaul:

राज्यरानी एक्सप्रेस के ललितग्राम तक स्थाई विस्तारीकरण की घोषणा पर स्थानीय जनप्रतिनिधि व समाजसेवियों के प्रतिनिधि ने शुक्रवार को सांसद दिलेश्वर कामैत का अभिनंदन कर धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर बैद्यनाथ भगत, उमेश गुप्ता, मयंक गुप्ता, अरुण जायसवाल और अमित कुमार ने बुके व अंगवस्त्र देकर समस्त राघोपुर प्रखंडवासियों की ओर से सांसद को बधाई दी। राज्यरानी एक्सप्रेस के ललितग्राम तक स्थाई विस्तारीकरण की घोषणा से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

प्रतिनिधियों ने सांसद के समक्ष क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याओं और मांगों को भी रखा। इसमें प्रमुख रूप से नरकटियागंज–न्यू जलपाईगुड़ी स्पेशल ट्रेन का राघोपुर स्टेशन पर ठहराव शामिल है, ताकि यात्रियों को सीधा लाभ मिल सके। साथ ही ललितग्राम में वाशिंग पिट का निर्माण, फारबिसगंज से सहरसा के लिए कार्यालय समय में ट्रेन की सुविधा, तथा वैशाली एक्सप्रेस का ललितग्राम तक स्थाई विस्तारीकरण की मांग की गई।

रेलवे से जुड़ी इन मांगों के अतिरिक्त लोगों ने सिमराही में एनएच-27 के रैयतों का लंबित भुगतान दिलाने और सिमराही नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 में सड़क निर्माण कराने का आग्रह सांसद से किया।

ललितग्राम में वाशिंग पिट की आवश्यकता

प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से ललितग्राम में वाशिंग पिट निर्माण की मांग रखी। उनका कहना था कि राज्यरानी समेत अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन बढ़ने से यहाँ तकनीकी और परिचालन सुविधाओं की आवश्यकता अनिवार्य है। वाशिंग पिट बनने से ट्रेनों की नियमित साफ-सफाई, तकनीकी जांच और रखरखाव स्थानीय स्तर पर हो सकेगा, जिससे यात्रियों को साफ-सुथरी और समय पर ट्रेन सेवा मिलेगी। साथ ही इससे रेलवे को परिचालन में सुविधा होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

इस अवसर पर सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि राज्यरानी एक्सप्रेस का ललितग्राम तक स्थाई विस्तार क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि है। अब ललितग्राम वाशिंग पिट, वैशाली एक्सप्रेस का स्थाई विस्तार, स्पेशल ट्रेनों का ठहराव और अन्य मांगों को लेकर मैं रेलवे मंत्रालय के समक्ष मजबूती से आवाज उठाऊँगा। इसके साथ ही सिमराही के रैयतों का भुगतान और स्थानीय सड़कों के निर्माण को लेकर भी सरकार से पहल की जाएगी। जनता की हर जायज़ मांग पर सकारात्मक कदम उठाना मेरी प्राथमिकता है।”

प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि इन मांगों पर सकारात्मक पहल होती है, तो क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और राघोपुर समेत पूरे इलाके के यातायात व विकास में नई गति आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]