सुपौल: रेफरल अस्पताल राघोपुर में 50 बेड के नए अस्पताल भवन का उद्घाटन आज, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा और सीएम नीतीश करेंगे वर्चुअल शुभारंभ

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के रेफरल अस्पताल राघोपुर परिसर में करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 50 बिस्तरों वाले नवनिर्मित भवन का उद्घाटन शुक्रवार को यानी आज किया जाएगा। इस संबंध में गुरुवार को जिलाधिकारी (डीएम) सुपौल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएस) सुपौल ने रेफरल अस्पताल पहुंचकर भवन का निरीक्षण किया। डीएम ने नए भवन में लगाए गए बिस्तरों, ऑक्सीजन सेंटर, ऑपरेशन थिएटर आदि की जांच की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इसके साथ ही उन्होंने पुराने भवन में संचालित इमरजेंसी कक्ष, ओपीडी, दवा वितरण काउंटर और प्रसूति वार्ड का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी राघोपुर को विभिन्न दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता को बुलाकर जल्द से जल्द स्थायी विद्युत कनेक्शन चालू करने का निर्देश भी दिया।

अस्पताल प्रबंधक नोमान अहमद ने जानकारी दी कि शुक्रवार को दोपहर 1 बजे इस नवनिर्मित अस्पताल का उद्घाटन भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार सरकार के स्वास्थ्य और कृषि मंत्री मंगल पांडेय करेंगे। इस अवसर पर बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और सम्राट चौधरी भी उपस्थित रहेंगे।

उद्घाटन समारोह के दौरान रेफरल अस्पताल परिसर में सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामैत, स्थानीय विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, एमएलसी अजय कुमार सिंह समेत कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीप नारायण राम, सोनू सिंह, पवन दास, राजेश पांडेय, मिथिलेश झा, प्रशांत झा सहित अस्पताल के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *