सुपौल विधानसभा क्षेत्र में मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण सम्पन्न, डीएम सावन कुमार ने किया निरीक्षण

News Desk Supaul:

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र 43-सुपौल विधानसभा क्षेत्र के मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण कार्य शनिवार को सम्पन्न हुआ। जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देशानुसार यह प्रशिक्षण सुपौल उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुपौल में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण दो पालियों में हुआ, जिसमें कुल 398 पार्टियों के पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान पदाधिकारी शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार स्वयं उपस्थित होकर कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने मास्टर प्रशिक्षकों को निर्देश दिया कि वे पीठासीन पदाधिकारियों को निर्वाचन कार्य से संबंधित सभी प्रपत्रों जैसे — पीठासीन पदाधिकारी का प्रतिवेदन, पीठासीन पदाधिकारी की डायरी, घोषणा प्रपत्र तथा 17C (रिकॉर्ड किए गए मतों का लेखा) को भरने का व्यावहारिक अभ्यास कराएं, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

प्रशिक्षण कोषांग की वरीय पदाधिकारी सह उपविकास आयुक्त सुश्री सारा अशरफ ने भी अनुश्रवण के दौरान मतदान पदाधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने सभी कर्मियों को EVM और VVPAT मशीन के संचालन, सीलिंग प्रक्रिया एवं सावधानियों से संबंधित बारीक जानकारी ध्यानपूर्वक सीखने का निर्देश दिया।

वहीं नोडल पदाधिकारी (प्रशिक्षण कोषांग) गयानंद यादव ने बताया कि पीठासीन पदाधिकारी एवं प्रथम मतदान पदाधिकारियों को EVM के मॉक ड्रिल प्रशिक्षण के साथ-साथ ऑनलाईन मूल्यांकन भी कराया गया है, ताकि सभी अधिकारी निर्वाचन की प्रक्रिया में पूर्ण रूप से दक्ष हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]