सुपौल: सिमराही एनएच 106 पर हुआ दर्दनाक सड़क हादसा: एक की मौत, चार गंभीर रूप से घायल, परिजनों में मचा कोहराम

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिमराही एनएच 106 करजाइन रोड पर रविवार शाम करीब साढ़े 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यह हादसा करजाइन रोड पर पुराना सिनेमा हॉल के नजदीक हुआ जहां दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी अनुसार घटना के वक्त, एक बाइक करजाइन की ओर जा रही थी जबकि दूसरी बाइक करजाइन से सिमराही की ओर आ रही थी। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और वे सड़क पर बिखर गए। दुर्घटना के बाद पांच युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को रेफरल अस्पताल और निजी अस्पताल पहुंचाया।

विज्ञापन

डॉक्टर ने एक को मृत घोषित किया

ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने जांच के बाद झिल्ला डुमरी निवासी सदानंद मंडल के 28 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चार अन्य युवकों की स्थिति गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान

आकाश कुमार (14 वर्ष) – पिता जोगेंद्र मंडल, निवासी झिल्ला डुमरी।
नीतेश कुमार (16 वर्ष) – पिता शशि भूषण मेहता, निवासी मानगंज।
रोहन कुमार (23 वर्ष) – पिता ज्ञान देव मेहता, निवासी कोहबारा।
संदीप कुमार (15 वर्ष) – पिता बुधन मंडल, निवासी लक्ष्मीपुर वार्ड 9

हादसे की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई, जिससे रेफरल अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में भारी भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।

इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि घटनास्थल से दोनों क्षतिग्रस्त बाइक थाना लाया गया है। शव के पोस्टमार्टम प्रक्रिया की जा रही है और घटना की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *