सुपौल: सिमराही बाजार में कोहरे के कारण ट्रकों की जोरदार टक्कर, दो गंभीर घायल

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार के जेपी चौक एनएच–27 पर सोमवार की सुबह घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोहरा छाए रहने के चलते एक 6 चक्का ट्रक ने आगे चल रहे एक कंटेनर ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 6 चक्का ट्रक के चालक और उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। जानकारी देते हुए घायल चालक दीपू कुमार ने बताया कि वे लखनऊ से गुवाहाटी जा रहे थे। सुबह घना कोहरा होने के कारण सामने चल रहे कंटेनर ट्रक का सही अंदाजा नहीं लग सका और अचानक टक्कर हो गई।

घायल 6 चक्का ट्रक चालक 19 वर्षीय दीपू कुमार तथा उपचालक 20 वर्षीय रौनक शुक्ला की पहचान यूपी के उन्नाव जिले गोमपुर निवासी के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एनएच–27 पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *