सुपौल: सिमराही बाजार में सर्राफ ज्वेलर्स से 30 लाख की भीषण चोरी, व्यापारी वर्ग में दहशत, जांच में जुटी पुलिस

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में बुधवार की देर रात एक भीषण चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने सर्राफ ज्वेलर्स नामक दुकान का शटर तोड़कर करीब 25 से 30 लाख रुपये मूल्य के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में भारी दहशत और आक्रोश है।

टूटा शटर

घटना को लेकर जानकारी देते सर्राफ ज्वेलर्स के मालिक संतोष स्वर्णकार ने बताया कि उन्होंने मात्र 5 दिन पहले ही इस दुकान का शुभारंभ किया था। गुरुवार अहले सुबह स्थानीय लोगों ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि उनकी दुकान का ताला टूटा हुआ है। आनन-फानन में जब वे दुकान पहुंचे तो देखा कि दुकान का शटर गैस कटर से काटा गया है और अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब हैं।

दुकान के अंदर बिखरे सामान

पीड़ित ज्वेलरी कारोबारी ने बताया कि चोरों ने करीब 25 किलो चांदी के आभूषण और 7 भरी सोने के जेवर चोरी कर लिए। यही नहीं, घटना का कोई सबूत न बचे इसके लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस और इंस्पेक्टर अन्नू प्रिया मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाने की बात कही है।

घटनास्थल पर जांच करते इंस्पेक्टर अन्नू प्रिया

इस घटना से सिमराही बाजार के व्यापारी वर्ग में गहरा आक्रोश है। उनका आरोप है कि पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पूरी तरह फेल है, जिस कारण लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय व्यापारियों व लोगों ने कहा कि पुलिस अगर सही तरीके से गश्ती करती तो इतनी बड़ी चोरी संभव नहीं थी। ये प्रशासन की लापरवाही है। स्थानीय लोग और व्यापारी प्रशासन से जल्द से जल्द इस घटना का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]