सुपौल: सिमराही में दुर्गा पूजा महोत्सव में सजी सांस्कृतिक संध्या, स्कूली बच्चों की प्रस्तुति ने मोहा मन, शामिल हुए कोसी रेंज डीआईजी

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही नगर पंचायत वार्ड संख्या 4 स्थित गुलाब दास ठाकुरबाड़ी बड़ी दुर्गा मंदिर परिसर में सोमवार की शाम दुर्गा पूजा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। शाम 7 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में द परफेक्ट इंग्लिश एकेडमी, दिल्ली पब्लिक स्कूल, कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल, सरोज पाठशाला समेत विभिन्न स्कूलों के कुल 63 बच्चों ने अपनी कला एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते अतिथि

कार्यक्रम का उद्घाटन कोशी रेंज डीआईजी मनोज कुमार, एसएसबी डीआईजी संजय शर्मा, एसडीएम नीरज कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, समाजसेवी गोविंद पंसारी, मेला अध्यक्ष ब्रिगेडियर प्रणव जायसवाल एवं ब्रह्माकुमारी बबीता राजयोगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कोसी रेंज डीआईजी को सम्मानित करते मेला कमिटी अध्यक्ष

उद्घाटन के पश्चात विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राओं ने झिझिया, दुर्गा माता की भक्ति, सांस्कृतिक झांकियों, छठ महापर्व, गीत, भजन एवं कला प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की सुमधुर आवाज़ और भक्ति भाव से ओतप्रोत मंचन ने कार्यक्रम को एक अलग ही गरिमा प्रदान की।

प्रस्तुति देते स्कूली बच्ची

मंदिर प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे परिसर में उत्साह और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। भक्तों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की और आयोजकों के प्रयास की भी प्रशंसा की।

छठ महापर्व पर प्रस्तुति देते स्कूली बच्ची

कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की सख्त निगरानी की गई, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के उत्सव का आनंद उठा सकें।

कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारी व स्थानीय लोग

गुलाब दास ठाकुरबाड़ी बड़ी दुर्गा मंदिर में हर वर्ष भव्य स्तर पर पूजा का आयोजन किया जाता है, लेकिन इस बार बच्चों की भागीदारी और उनकी कला ने इसे और भी खास बना दिया। कार्यक्रम के अंत में शामिल सभी स्कूलों प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]