सुपौल: सिमराही में दो स्थानों से गणेश प्रतिमाओं का भव्य विसर्जन, झांकियों और भक्तिमय माहौल ने मोहा मन, प्रशासन रहे मुस्तैद

News Desk Supaul:

जिले के सिमराही नगर पंचायत में सोमवार को गणेश महोत्सव का समापन अत्यंत भक्तिमय वातावरण में हुआ। इस वर्ष नगर के दो अलग-अलग स्थानों पर गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी। दोनों ही स्थानों से भव्य शोभायात्रा निकाली गई जो नगर भ्रमण करते हुए देर शाम वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न हुआ।

झांकियों ने बांधा समां

विसर्जन यात्रा के दौरान प्रस्तुत की गई सांस्कृतिक और धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शोभायात्रा में अघोरी नृत्य, राधा-कृष्ण लीला, बजरंगबली और भगवान शिव की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। ढोल-नगाड़े, भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे लगाते रहे।

समिति की ओर से व्यवस्थाएं

गणेश पूजा समिति की ओर से पूरे विसर्जन यात्रा को व्यवस्थित बनाने के लिए पहले से व्यापक तैयारी की गई थी। स्वयंसेवक लगातार शोभायात्रा में भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगमता प्रदान करने में जुटे रहे।

प्रशासन की सतर्कता

शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से डीएसपी सुरेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर अनु प्रिया, थानाध्यक्ष नवीन कुमार सहित पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इस दौरान डीएसपी सुरेंद्र कुमार ने कहा कि इस वर्ष सिमराही में दो स्थानों पर प्रतिमा स्थापित किया गया था जिसका आज विसर्जन किया गया। कहा कि गणेश महोत्सव के प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। सुरक्षा-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी। समिति और प्रशासन के बेहतर समन्वय से कार्यक्रम शांति और सौहार्द के माहौल में सम्पन्न हुआ।

भक्तिमय माहौल में सम्पन्न हुआ विसर्जन

विसर्जन यात्रा में सैकड़ो की भीड़ उमड़ी। प्रतिमा विसर्जन से पूर्व भक्तों ने गणपति बप्पा पर पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। जल में प्रतिमा विसर्जन के साथ ही श्रद्धालुओं की आंखें नम हो उठीं और नगर एक बार फिर गणेश भक्ति की यादों में डूब गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]