सुपौल: हंसवाहिनी विद्यासागर स्कूल में 79वाँ स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया

News Desk Supaul:

जिले हंसवाहिनी विद्यासागर स्कूल में 79वाँ स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। प्रातःकाल विद्यालय के संस्थापक राम प्रकाश साहू एवं निदेशक गौतम कुमार नागमणि के नेतृत्व में भव्य मार्च पास्ट निकाला गया, जो विद्यालय से प्रारंभ होकर हटिया चौक, गांधी चौक, भगत सिंह चौक, चंद्रशेखर आज़ाद चौक और सुभाष चौक होते हुए पुनः विद्यालय पहुँचा।

प्रत्येक चौक पर निदेशक गौतम कुमार नागमणि ने महान स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया और विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संदेश दिया।

निदेशक नागमणि ने कहा कि “भारत का भविष्य हमारी युवा पीढ़ी के हाथों में है। छात्र केवल पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि अनुशासन और नैतिक मूल्यों में भी आगे हों।

यदि हर छात्र जिम्मेदार नागरिक बनता है तो हमारा देश निश्चित ही आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत बनेगा। स्वतंत्रता दिवस हमें केवल आज़ादी की याद नहीं दिलाता, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन की भी सीख देता है।”

इसके बाद विद्यालय के संस्थापक राम प्रकाश साहू ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के समय विद्यालय प्रांगण देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा। अपने संबोधन में साहू ने कहा कि “आज़ादी हमें अनगिनत बलिदानों और कठिन संघर्षों के बाद मिली है।

यह दिन केवल उत्सव का नहीं, बल्कि आत्मचिंतन का भी अवसर है। शिक्षा ही हमें सच्चा नागरिक बनाती है और देश की प्रगति में योगदान करने का अवसर देती है।” उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने और समाज में शिक्षा, सद्भाव एवं सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्साह और भावनाओं से भर दिया। इसके बाद मिठाई वितरण किया गया। साथ ही घड़ी डिटर्जेन्ट पाउडर कम्पनी की ओर से श्री ओम ने बच्चों को स्वच्छता के महत्व के साथ बेहतर शिक्षा पर प्रेरक संदेश दिया। इसी क्रम में BPBS एक्टिविटीज के तहत सभी बच्चों को कॉपी, पेंसिल, रबड़ और सर्फ का वितरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]