
Report: A.K. Chaudhary
बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद शनिवार को सिमराही पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगरिया के आवास पर स्थानीय एनडीए कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। मंत्री के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।

सिमराही पहुंचने पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगरिया ने मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद का अंगवस्त्र, पाग एवं पुष्पमाला भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी उनका अभिनंदन किया और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव एवं जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव ने भी मंत्री का स्वागत अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। दोनों जिलाध्यक्षों ने संगठन की गतिविधियों के साथ-साथ क्षेत्र से जुड़े स्थानीय विषयों पर मंत्री से संवाद किया।

मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, सीमा कुशवाहा, नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा, राजकुमार पौद्दार सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं एनडीए के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा संगठन को और प्रभावी बनाने से संबंधित विषयों को मंत्री के समक्ष रखा।

मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी को समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा जनता के साथ लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को उचित माध्यम से सरकार तक पहुंचाने की बात कही।

मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी लोगों को जागरूक करने और स्थानीय स्तर पर पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मंत्री के साथ हुए संवाद को स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उत्साहवर्धक बताते हुए कहा कि इस तरह के संवाद से संगठनात्मक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलती है। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री के प्रति आभार जताया और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।







