सिपाही भर्ती परीक्षा के सेटर गैंग मामले में बड़ी कार्रवाई, मामले में पटना पुलिस ने सुपौल से एक वन रक्षक को किया गिरफ्तार

न्यूज डेस्क सुपौल:

बिहार पुलिस में सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े एक सेटर गैंग का पटना पुलिस ने खुलासा किया। इस मामले में पटना पुलिस ने पटना के एक होटल से तीन संदिग्धों की गिरफ्तारी की थी। पटना में गिरफ्तार संदिग्धों से हुई पूछताछ के बाद गैंग के तार अब सुपौल से भी जुड़ गए हैं। पटना के कोतवाली थाने की पुलिस ने सुपौल जिले के करजाइन थाना क्षेत्र से एक वन रक्षक विजय रजक को गिरफ्तार किया है।

बता दें कि पटना में गिरफ्तार गैंग से प्राप्त सूचना के आधार पर पटना की कोतवाली थाने की पुलिस टीम देर रात सुपौल पहुंची थी। जिसके बाद पटना पुलिस ने सुपौल जिले के करजाइन थाने की पुलिस के सहयोग से एक आरोपी वन अधिकारी को करजाइन थाना क्षेत्र के बोरहा पंचायत के पदम नगर स्थित उनके पैतृक गांव से पकड़ा है।

बताया जा रहा है कि विजय रजक मधेपुरा जिला के वन विभाग में वन रक्षक के पद पर कार्यरत है। एक महीने पहले मधेपुरा में ट्रांसफर कराया था। इससे पहले वह बांका जिला में पदस्थापित थे। गुरुवार की रात पटना के कोतवाली थाना की पुलिस टीम गिरफ्तार वन अधिकारी विजय रजक को अपने साथ ले गई। सेटर गैंग में शामिल आरोपी वन अधिकारी विजय रजक ने गिरफ्तारी के बारे पूछने पर बताया कि वो कल पर्व में घर आया था। देर रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं, कोतवाली थाना के अवर निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर पटना में कांड संख्या 519/24 दर्ज है। इस मामले में विजय रजक को गिरफ्तार किया गया है।

इधर, बताया जा रहा है कि पटना पुलिस की टीम ने विजय रजक के अलग-अलग ठिकानों से अहम कागजात भी जब्त किए हैं।

मालूम हो कि पटना पुलिस ने पटना के एक होटल से पिछले दिनों तीन संदिग्ध (प्रेम प्रकाश, रामाशीष पासवान और चंदन) को हिरासत में लिया था। संदिग्धों के पास से पटना पुलिस ने अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, चेक बुक, कैश, मोबाइल सहित अन्य कई जरूरी कागजात बरामद किए थे। इसी के आधार पर गुरुवार की देर शाम सुपौल के करजाइन थाना इलाके से वन रक्षक विजय रजक की गिरफ्तारी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *