धनतेरस, दीपावली और छठ पर जाम से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट, एसडीएम ने जारी किए निर्देश

Report: A.K. Chaudhary

धनतेरस, दीपावली और छठ महापर्व 2026 के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसको लेकर सुपौल जिले के वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार ने अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों, नगर निकायों और अंचल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान बाजारों में जाम की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए और आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जानकारी देते हुए वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि धनतेरस, दीपावली और छठ महापर्व के अवसर पर बाजारों में लोगों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। इस दौरान कई लोग सड़क पर ही अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसका असर आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों तथा आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों के परिचालन पर भी पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

एसडीएम कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार, वीरपुर, भीमनगर, रतनपुर, बलुआ बाजार, करजाईन, राघोपुर और प्रतापगंज थानाध्यक्षों के साथ वीरपुर एवं सिमराही नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों तथा बसंतपुर, राघोपुर और प्रतापगंज के अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

प्रमुख बाजारों में वन-वे व्यवस्था लागू करने का निर्देश

प्रशासन ने प्रमुख बाजारों में भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए आवश्यक स्थानों पर वन-वे व्यवस्था लागू करने तथा उसका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, यातायात नियमों का उल्लंघन कर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई करने को कहा गया है। पुलिस बल की तैनाती और नियमित निगरानी के माध्यम से बाजारों में यातायात को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया गया है।

पार्किंग के लिए चिह्नित होंगे स्थल

जाम की समस्या से निपटने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर बाजारों में खाली जमीन को पार्किंग स्थल के रूप में उपयोग करने का निर्देश दिया गया है। मुख्य बाजारों अथवा बाजार से सटे उपयुक्त स्थानों को चिह्नित कर वहां वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था करने तथा पार्किंग स्थल पर फ्लेक्स बोर्ड लगाने को कहा गया है, ताकि वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग की जानकारी मिल सके।

सीसीटीवी से होगी निगरानी

एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया है। आवश्यकता पड़ने पर नए स्थानों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने की कार्रवाई करने को कहा गया है। इसके साथ ही स्थानीय व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित कर ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग की उचित व्यवस्था कराने और उन्हें निर्धारित स्थलों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया है।

बाजारों में नियमित गश्ती और विशेष निगरानी

निर्देश में मुख्य बाजारों के साथ अन्य प्रमुख मार्गों पर नियमित गश्ती करने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी परिस्थिति में जाम की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *