Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के हटवरिया गांव में नदी किनारे जलकुंभी के बीच एक मजदूर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान निर्मली पंचायत के वार्ड संख्या 15, हटवरिया निवासी 45 वर्षीय उपेंद्र सदा उर्फ तिरन सदा के रूप में हुई है। वह पिछले सात दिनों से लापता था। परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है।

परिजनों के मुताबिक, नवरात्रि की नवमी के दिन उपेंद्र सदा मजदूरी करने के लिए पास के एक गांव में गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी को लेकर थाने में आवेदन भी दिया था।

मंगलवार को हटवरिया गांव के पास नदी किनारे जलकुंभी में उसका शव दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।

परिजनों का दावा है कि मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान हैं, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मौके पर पहुंचे साइबर डीएसपी गौरव गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।







