Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीवछपुर वार्ड संख्या 15 के बेलागंज में देर रात भीषण अगलगी की घटना हुई। इस हादसे में पांच भाइयों के पांच घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। घरों में रखा सामान, ट्रैक्टर, लाखों रुपये का पटुआ और कई मवेशी भी आग की चपेट में आ गए। पीड़ित परिवारों के अनुसार, अगलगी में करीब 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि देर रात अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक पांच घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोग उसके करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे।
घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक पांचों घर और उनमें रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
इस अगलगी में ट्रैक्टर, पटुआ, घरेलू सामान और कई मवेशियों के जलने की बात भी सामने आई है। पीड़ित परिवारों ने बताया कि उनकी वर्षों की जमा-पूंजी इस हादसे में नष्ट हो गई। घटना के बाद अग्निपीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और उनके सामने रहने तथा रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।







