Report: A.K. Chaudhary
सुपौल पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे अंतरजिला आपराधिक गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से पांच देसी कट्टा, एक पिस्टल समेत कुल छह हथियार और 17 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को संभावित आपराधिक वारदात को रोकने की दिशा में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

मामले को लेकर सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि त्रिवेणीगंज अनुमंडल क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए अंतरजिला गिरोह के सदस्य सक्रिय हैं। सूचना के अनुसार, गिरोह के अपराधी एक स्थान पर एकत्र होकर वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए त्रिवेणीगंज के एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने राजेश्वरी थाना क्षेत्र में छापेमारी और सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के क्रम में उनके पास से पांच देसी कट्टा, एक पिस्टल और 17 कारतूस बरामद किए गए।
गिरोह में नौ सदस्य होने की जानकारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अंतरजिला आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं। गिरोह में कुल नौ सदस्यों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष छह सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
एसपी शरथ आर. एस. ने बताया कि आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में गिरोह को स्थानीय स्तर पर सहयोग करने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है। ऐसे लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ-साथ उनके नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।







