सुपौल: कोसी किनारे दलदल में फंसे मवेशी को निकालने के दौरान बिजली तार के चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत तीसरा जख्मी, जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

जिले के निर्मली थाना क्षेत्र के बेलासिंगार मोती इलाके में कोसी नदी किनारे दलदल में फंसे मवेशी को निकालने के दौरान बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई है जबकि तीसरा गम्भीर रूप से घायल बताया जा रहा है। जिसका इलाज निर्मली अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच दोनो शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज जांच में जुट गई है।

घटना को लेकर बताया गया है कि निर्मली थाना क्षेत्र के बेला सिंगार मोती इलाके में कोसी नदी किनारे स्थानीय निवासी राजेन्द्र मंडल का लड़का मवेशी को चारा खिलाने गया था। इस दौरान उसका मवेशी कोसी किनारे के दलदल में फंस गया जिसके बाद राजेन्द्र मंडल के तीन बेटे सहित अन्य लोग दलदल में फंसे मवेशी को निकालने लगे। लेकिन इस दौरान राजेन्द्र मंडल के बेटे जय प्रकाश, ओम प्रकाश और विकास कुमार को बिजली का करेंट लग गया। जिसमें 15 वर्षीय जय प्रकाश कुमार और 16 वर्षीय ओम प्रकाश कुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि तीसरा शख्स विकास कुमार करेंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे आनन फानन में निर्मली अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया। जहां विकास कुमार का इलाज चल रहा है।

बताया गया है कि घटना स्थल के समीप किसी ने बिजली का तार खेत मे बिछाया हुआ था, जिसके चलते यह घटना घटी है। हालांकि अब तक यह खुलासा नहीं हुआ है कि बिजली का तार मोटर से पटवन के लिए लगाया गया था कि जानवरों से रक्षा के लिए। यह तो जांच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा।

फिलहाल एक ही परिवार में दो युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। इधर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज घटना की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]