Report: A.K. Chaudhary
दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में सुपौल के अपर समाहर्ता (ADM) सच्चिदानंद सुमन ने सुपौल जिले राघोपुर प्रखंड के सिमराही और राघोपुर में दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों से तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ADM ने रावण दहन कार्यक्रम को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने, पूजा पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ का व्यवस्थित प्रबंधन करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूजा पंडालों और मेला परिसर में सतर्कता बरतने तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा। साथ ही, दुर्गा पूजा और रावण दहन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
मौके पर राघोपुर सीओ रश्मि प्रिया, आरओ आकांक्षा कुमारी उपस्थित रहे।







