सुपौल: परीक्षा देकर लौट रही सड़क हादसे में बेटी की मौत, मां अस्पताल में भर्ती, आक्रोशित लोगों ने किया एनएच 131 जाम

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के महेशपुर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना सोमवार को तब हुई, जब महेशपुर निवासी मनोज उर्फ मंटू ठाकुर की बेटी लक्ष्मी कुमारी अपनी मां के साथ बाइक से राघोपुर में परीक्षा देकर घर लौट रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना के बाद आक्रोश

घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने महेशपुर में एनएच 131 को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से दोषी चालक की गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग की है।

पुलिस पर आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना के समय पास में ही पुलिस की गाड़ी मौजूद थी, लेकिन उन्होंने भाग रही पिकअप वैन को रोकने का प्रयास नहीं किया। इस लापरवाही को लेकर लोगों का गुस्सा और बढ़ गया है।

प्रशासन की कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करने की कोशिश की। अधिकारियों का कहना है कि दोषी वाहन और चालक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस बीच, घायल महिला का इलाज जारी है, और प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *